UGC की बड़ी कार्रवाई | 32 फर्जी यूनिवर्सिटी की लिस्ट जारी | दिल्ली की 12, UP की 4 शामिल
New Delhi
नई दिल्ली: उच्च शिक्षा लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। University Grants Commission (UGC) ने देशभर में संचालित 32 तथाकथित विश्वविद्यालयों को फर्जी घोषित किया है। इनमें दिल्ली की 12 और उत्तर प्रदेश की 4 संस्थाएं शामिल हैं।
UGC ने स्पष्ट किया है कि ये संस्थान विश्वविद्यालय के रूप में कार्य करने के अधिकृत नहीं हैं और इनके द्वारा दी जाने वाली डिग्री मान्य नहीं होगी। आयोग ने छात्रों और अभिभावकों को ऐसे संस्थानों में प्रवेश न लेने की सख्त चेतावनी दी है।
आयोग के अनुसार, विश्वविद्यालय का दर्जा केवल संसद या राज्य विधानमंडल के अधिनियम से स्थापित संस्थानों अथवा UGC अधिनियम के तहत मान्यता प्राप्त संस्थानों को ही प्राप्त होता है। इसके अलावा संचालित संस्थाएं गैर-कानूनी मानी जाती हैं।
UGC ने राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस प्रशासन को भी इन फर्जी संस्थानों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
छात्रों के लिए सलाह
एडमिशन लेने से पहले UGC की आधिकारिक वेबसाइट पर संस्थान की मान्यता अवश्य जांचें।
“विश्वविद्यालय” शब्द का उपयोग करने वाले हर संस्थान की वैधता की पुष्टि करें।
संदिग्ध संस्थानों की जानकारी संबंधित राज्य प्रशासन या UGC को दें।
यह कदम छात्रों को धोखाधड़ी से बचाने और उच्च शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।
Comments
0 comment