विधानसभा में गूंजा कोडरमा का मुद्दा | हाथी से फसल नुकसान पर मुआवजे की मांग | 51 लाख साइबर ठगी केस
Koderma
कोडरमा: विधायक डॉ. नीरा यादव ने शनिवार को विधानसभा में साइबर फ्रॉड और हाथियों द्वारा फसल नुकसान के गंभीर मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों को जंगली हाथियों द्वारा फसल बर्बादी के मामलों में शीघ्र मुआवजा दिया जाना चाहिए।
डॉ. यादव ने बताया कि उनके आवास के समीप रहने वाले रिटायर्ड बैंक अधिकारी सुरेश प्रसाद गुप्ता से “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर 51 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस संबंध में कोडरमा थाना कांड संख्या 210/25 दर्ज कर थाना प्रभारी के नेतृत्व में अनुसंधान प्रारंभ किया गया है।
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए राजस्थान के जयपुर तथा मध्य प्रदेश के उज्जैन और बड़वानी जिलों में छापेमारी की गई। मुख्य अभियुक्त दीपेश पाटीदार, निवासी बड़वानी (मध्य प्रदेश), की पहचान कर उसे डिमांड किया गया है।
विधायक ने कोडरमा जिले के सतगावां क्षेत्र में हाथी एवं अन्य जंगली जानवरों द्वारा फसल नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल लगातार नष्ट हो रही है, लेकिन समय पर मुआवजा नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट झेल रहे हैं।
इसके अलावा डॉ. नीरा यादव ने माकोमारा पहाड़ी को धार्मिक स्थल बताते हुए उसके विकास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने माकोमारा पहाड़ पर सुरक्षा के लिए रेलिंग निर्माण कराने की भी मांग की।
Comments
0 comment