कोडरमा निकाय चुनाव 2026 | तीन नगर निकायों में थमा प्रचार | 23 फरवरी को मतदान
Koderma
कोडरमा: जिले के तीन नगर निकाय—कोडरमा, झुमरीतिलैया और डोमचांच—में पिछले 15 दिनों से चल रहा चुनाव प्रचार शनिवार शाम 5 बजे थम गया। अब मतदान तक प्रत्याशी घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
जिले में निकाय चुनाव के लिए 23 फरवरी (सोमवार) को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 फरवरी को की जाएगी।
किस निकाय में कितनी सीटों पर चुनाव?
झुमरीतिलैया नगर परिषद: अध्यक्ष पद सहित 28 वार्ड पार्षद
कोडरमा नगर पंचायत: अध्यक्ष पद सहित 15 वार्ड पार्षद
डोमचांच नगर पंचायत: अध्यक्ष पद सहित 14 वार्ड पार्षद
कोडरमा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 से नारायण यादव निर्विरोध वार्ड पार्षद निर्वाचित घोषित किए गए हैं। वहीं डोमचांच नगर पंचायत के दो वार्डों में एक भी प्रत्याशी मैदान में नहीं है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। जिले के तीनों निकायों के 57 वार्डों के लिए बनाए गए 114 बूथों के 100 मीटर के दायरे में भीड़ लगाने पर रोक रहेगी। प्रत्याशियों के शिविरों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिविर साधारण होने चाहिए और किसी प्रकार के पोस्टर, प्रतीक या प्रचार सामग्री का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।
आचार संहिता का सख्ती से पालन
राज्य चुनाव आयोग द्वारा लागू आदर्श आचार संहिता का पालन सभी प्रत्याशियों के लिए अनिवार्य है। धार्मिक, सांप्रदायिक, जातीय या भाषायी आधार पर वोट मांगने पर कार्रवाई होगी।
मतदान से दो दिन पूर्व से लेकर मतदान के अगले दिन सुबह 7 बजे तक किसी भी अभ्यर्थी द्वारा शराब की खरीद या वितरण प्रतिबंधित रहेगा।
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, मतदाताओं को दी जाने वाली पहचान पर्ची सादे कागज पर होगी, जिस पर किसी अभ्यर्थी का नाम या चुनाव चिह्न अंकित नहीं रहेगा।
Comments
0 comment